नए साल के आगाज के साथ ही जिले में नए स्टांप ड्यूटी रेट प्रभावी हो गए हैं। जिला वैल्यूएशन बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट ओम प्रकाश ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर नए रेट प्रभावी कर दिए हैं। जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे से सटे कठुआ के चक सोना नूपा और जंगलोट में स्टांप ड्यूटी के रेट जिले में सबसे अधिक बढ़े हैं। चक सोना नूपा में सिंचित भूमि के दाम बीते साल के 10.72 लाख प्रति कनाल से 75.65 फीसदी बढ़कर 18.83 लाख प्रति कनाल, असिंचित भूमि के दाम 9.76 लाख प्रति कनाल से 47.28 फीसदी बढ़कर 14.39 लाख प्रति कनाल और ग्रामीण क्षेत्र में जमीन के छोटे हिस्सों के दाम 16.26 लाख प्रति कनाल से 109.16 फीसदी बढ़कर 34.01 लाख प्रति कनाल हो गए हैं।
जंगलोट में सिंचित भूमि के दाम बीते साल के 2.98 लाख प्रति कनाल से 216.10 फीसदी बढ़कर 9.42 लाख प्रति कनाल, असिंचित भूमि के दाम 2.18 लाख प्रति कनाल से 230.27 फीसदी बढ़कर 7.20 लाख प्रति कनाल और ग्रामीण क्षेत्र में जमीन के छोटे हिस्सों के दाम 7.16 लाख प्रति कनाल से 137.43 फीसदी बढ़कर 17 लाख प्रति कनाल हो गए हैं। कठुआ सब डिवीजन के अधिकतर हिस्सों में जहां पांच से सात फीसदी तक जमीन के दामों में बढ़ोत्तरी की गई है वहीं बुद्धि में दस फीसदी तक जमीन के दाम बढ़ गए हैं। वहीं त्रेहड़ा के कुछ क्षेत्रों में दस फीसदी तक दाम बढ़ गए हैं।
उधर, नगरी परोल में 15 फीसदी तक जमीनों के दाम बढ़े हैं। कठुआ और लखनपुर निकाय में 5 फीसदी तो नगरी में 15 फीसदी दाम बढ़ा दिए गए हैं। हीरानगर सब डिवीजन में 5 फीसदी तो बिलावर उपजिले में दस से 15 फीसदी तक जमीनों के दाम बढ़े हैं। बिलावर निकाय में जमीनों के दाम में 20 फीसदी तक बढोत्तरी हुई है। बसोहली में दो तो महानपुर में तीन, बसोहली निकाय में तीन फीसदी तक जमीनों के दाम बढ़ गए हैं। बनी के अधिकतर इलाकों में दस से बीस फीसदी तो वहीं गत्ती में तीस फीसदी तक जमीनों के दाम बढ़ गए हैं।
गाइडलाइन जारी, प्रॉपर्टी को चार हिस्सों में किया वर्गीकृत
शहरी इलाकों में निर्मित प्रॉपर्टी को लेकर वर्ष 2021 की गाइडलाइन जारी की गई हैं। इसमें इन प्रॉपर्टी को चार हिस्सों में वर्गीकृत किया गया है। ए केटेगरी में आसीसी की छत वाले प्रॉपर्टी शामिल है। इसमें रिहायशी इलाकों के दाम 16456 रुपये प्रति वर्ग मीटर, केटेगरी बी के गिरडर वाली प्रॉपर्टी में रिहायशी इलाकों के दाम 12188 रुपये प्रति वर्ग मीटर, सी केटेगरी के टिन शीट, इंग्लिश टाइल की प्रॉपर्टी के दाम 8624 रुपये प्रति वर्ग मीटर, जबकि डी केटेगरी में 6303 रुपये प्रति वर्ग मीटर दाम निर्धारित किए गए हैं। इसी तरह से केटेगरी ए में दुकान के दाम 15246 रुपये प्रति वर्ग मीटर, कार्यालय के दाम 26456 रुपये प्रति वर्ग मीटर और गोदाम के दाम 13970 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित कर दिए गए हैं।