कठुआ। रोजाना लगभग 40 टन कचरा उगलने वाले कठुआ शहर के लिए नगर परिषद ने अब नई योजना अमल में लाई है। सुबह देर तक लगे रहने वाले कचरे के ढेरों से मुक्ति के लिए अब परिषद की ओर से शाम के समय डोर टू डोर कलेक्शन शुरू कर दी गई है। इसके तहत अब रेहड़ी फड़ी वाले इलाकों, दुकानों और खास तौर पर शहर के व्यवसायिक संस्थानों से शाम के समय ही कचरा एकत्रित किया जा सकेगा। परिषद का मानना है कि इससे रात से लेकर सुबह तक शहर की फिजा में रहने वाले दूषित कचरे से निजात मिलेगी और शहर भी साफ सुथरा रहेगा।
कठुआ शहर के मुख्य बाजार से लेकर शहीदी चौक और कोर्ट रोड के अलावा पारलीवंड के इलाकों में शाम के समय सजने वाले बाजारों से नगर परिषद की टीम कचरा एकत्रित करेगी। इसके लिए बाकायदा कर्मचारियों की रोस्टर वार ड्यूटी भी लगाई गई है। नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निनाद सेन ने बताया कि अमूमन शहर में रात के समय दुकानदार दुकान बंद करने से पहले अपना कचरा दुकानों के बाहर या सड़क किनारे फेंककर चले जाते हैं। ऐसेे में सुबह शहर से गुजरने वालों को जगह जगह गंदगी के ढेर देखने को मिलते रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि नई व्यवस्था से लोगों को राहत दी जाए। साथ ही उन्हें जागरूक करने का भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने व्यावसायियों, रेहड़ी फड़ी चलाने वालों से इस व्यवस्था में सहयोग की अपील की है।