संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कटड़ा में श्री माता वैष्णो देवी के ताराकोट मार्ग और सांझी छत के प्रस्तावित रोपवे का विरोध कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किए जाने का जन जागृति मंच ने कड़ा विरोध जताया है। वीरवार को शहर के शहीदी चौक पर मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और इस घटना को मजदूरों पर की गई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई करार दिया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार लोगों की सुविधा के नाम पर रोपवे बनाकर लोगों का रोजगार छीनने का काम कर रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मंच के अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा की रोपवे लगने से कटड़ा से माता वैष्णो तक की यात्रा बिना रुके बेशक मात्र छह मिनट में पूरी हो जाएगी, लेकिन इसका लाभ केवल श्राइन बोर्ड और रोपवे कंपनी को होगा। क्योंकि ऐसी सुविधा के आ जाने के बाद मजदूर, पिट्ठू सवार, छोटे दुकानदार, होटल और रेस्टोरेंट, व्यापारी और वे सभी लोग जिनकी रोजी-रोटी परंपरागत मार्ग से माता के दरबार में जाने वाले श्रद्धालु पर निर्भर है, वे बेरोजगार हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 250 करोड़ की लागत से श्राइन बोर्ड द्वारा स्थापित किया जा रहा रोपवे एक ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसका लाभ केवल श्राइन बोर्ड और टेंडर पाने वाली कंपनी को ही होगा। प्रदर्शन में मौजूद मंच के सदस्य सुरेश आजाद ने कहा कि सरकार का काम लोगों को रोजगार देना होना चाहिए न कि उन्हें रोजगार से वंचित करना चाहिए। विकास भी जरूरी है लेकिन वह लोगों की लाशों पर किया जाए तो वह विकास नहीं, तबाही है। प्रदर्शन में आईडीपी के अध्यक्ष आईडी खजूरिया, एडवोकेट सुशील गुप्ता, गिन्नी आजाद, स्वतंत्र भारत, सुरेश अंबेडकरी, सुखविंदर सिंह, अंशु, स्वतंत्र भारत आदि मौजूद रहे।