रामकोट के नगरोटा गुजरू चौक पर रात की घटना
किताबों और हार्डवेयर की थी दुकानें, एक स्कूटी भी जली
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोट। तहसील रामकोट के नगरोटा गुजरू चौक में स्थित दो दुकानों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, एक स्कूटी भी आग की चपेट में आने से जल गई है। लोगों का कहना है कि सूचना के बाद 60 किलोमीटर दूर कठुआ से दमकल वाहन पहुंचा तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे पेश आई। उस समय तक दुकानदार दुकानें बंद कर घर जा चुके थे। आग लगने से दिनेश कुमार निवासी नगरोटा गुजरू की किताबों और नरेश कुमार की हार्डवेयर की दुकान में रखे लाखों रुपये के सामान को नुकसान पहुंचा है। दुकान के साथ लगी एक स्कूटी भी आग की चपेट में आई है। मौके पर पहुंची रामकोट पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर कुछ समय बाद काबू पाया गया। लेकिन दमकल वाहन की मौके पर तुरंत मदद नहीं मिलने से सामान राख हो गया। पीडीतों ने इस संबंध में पुलिस चौकी रामकोट में शिकायत दर्ज करवाई है।
पीड़ित दिनेश कुमार ने बताया कि दमकल विभाग कठुआ को आग की घटना की तुरंत जानकारी दी गई थी, लेकिन जब तक 60 किलोमीटर दूर नगरोटा गुजरू तक वाहन पहुंच पाता तब तक काफी देर हो गई थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर कुछ हद तक काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने तहसील स्तर पर दमकल वाहन की सुविधा नहीं होने पर रोष जताया है।