विजयदशमी पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने मनाया स्थापना दिवस
मां दुर्गा, भारत माता, हेडगेवार व सदाशिव राव गोलवलकर के चित्रों के समक्ष प्रज्ज्वलित किए दीप
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से जिले सहित शहर में विजयदशमी का पावन पर्व धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर जिले की सभी 28 शाखाओं में शस्त्र पूजन का कार्यक्रम हुए। वहीं, आरएसएस का स्थापना दिवस भी मनाया गया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने विजयदशमी पर की थी। तभी से इस उत्सव को शौर्य दिवस या शक्ति के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।
बुधवार को शहर की प्रताप शाखा में मुख्य कार्यक्रम हुआ, जिसमें स्वयंसेवक शस्त्रों को लेकर पहुंचे। यहां पर विधिविधान से उनका पूजन किया गया। वहीं, स्वयं सेवकों ने राष्ट्र व धर्म की रक्षा के प्रण को दोहराया। विजयदशमी के पर्व पर होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा, भारत माता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार व द्वितीय सरसंघचालक माधवराव सदाशिव राव गोलवलकर के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शस्त्रों का पूजन किया।
जिला प्रचार प्रमुख राकेश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हर साल छह उत्सव मनाता है, जिसमें विजयदशमी का पर्व भी शामिल है। यह असत्य पर सत्य की जीत और अंधकार पर प्रकाश की जीत का द्योतक है। पुरातन काल से समाज में चले आ रहे शक्ति के पूजन की परंपरा के तहत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी इस दिन शस्त्रों का पूजन करता है। मानवता में सम्मान उसी का होता है जो सामर्थ्यवान है। इसी को ध्यान में रखते हुए संघ समाज को एकजुट रखकर उसकी ताकत बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।