किड्स टैलेंट शो में प्रस्तुत देते नन्हें बच्चेसंवाद
लर्निंग टेंपल हाई स्कूल में किड्स टैलेंट शो का समापन समारोह करवाया
कठुआ। लर्निंग टेंपल हाई स्कूल में आयोजित किड्स टैलेंट शो का समापन समारोह बड़े ही उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, रंग-बिरंगी सजावट और तालियों की गूंज से जीवंत नजर आया।
कार्यक्रम में स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने डांस, गायन, कविता पाठ, नाटक, फैंसी ड्रेस सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं अभिभावक बच्चों की कला देखकर भावुक नजर आए। समापन समारोह में कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस मौके पर करतार पब्लिक स्कूल के चेयरमैन निर्मल सिंह, रंगभूमि संस्था के चेयरमैन सुधीर महाजन, नगर समिति लखनपुर के पूर्व चेयरमैन रविंद्र शर्मा, सीटू सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन इंजीनियर नरेश कुमार ने बच्चों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लर्निंग टेंपल हाई स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का कार्य करते हैं। उन्होंने शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग की भी प्रशंसा की। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. भारत भूषण ने बच्चों की प्रतिभा की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे मंच बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।