कठुआ के जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे खो खो के मुकाबलेसंवाद
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी लड़कियों की अंडर-19 आयु वर्ग की अंतर जिला संभाग स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का समापन
कठुआ। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी लड़कियों की अंडर-19 आयु वर्ग की अंतर जिला संभाग स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता कठुआ के नाम रही है। मंगलवार को जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग कठुआ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में डोडा को हराकर कठुआ की टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया है।
जारी प्रतियोगिता के दूसरे पहले सेमीफाइनल में जिला डोडा ने जिला राजौरी को 8 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में जिला कठुआ ने जिला रियासी को एकतरफा मुकाबले में एक पारी और 7 अंकों से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा जिसमें कठुआ की टीम ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला डोडा को एक पारी और 7 अंकों से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कठुआ सुनील सिंह सम्ब्याल ने विजेता ट्रॉफी कठुआ टीम को और उपविजेता ट्रॉफी डोडा टीम को प्रदान की। उन्होंने खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी इसी उत्साह से खेलों में भाग लेने की प्रेरणा दी। वहीं, इस मौके पर विभाग के गतिविधि प्रभारी प्रवीण सिंह लखनपुरिया ने बताया कि अब बुधवार से अंडर-14 आयु वर्ग में लड़कियों की खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा जिसमें संभाग भर की प्रतिभाशाली बालिकाएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।