कठुआ। शहर के बीचोबीच शहीद कैप्टन सुनील सिंह चौक के पास गोवंश का कटा सिर मिलने से हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शनकर 24 घंटे के भीतर आरोपितों की तलाश कर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
वहीं पुलिस ने बीएनएस की धारा 299 के तहत हिंदू की भावना आहत करने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला बुधवार दोपहर का बताया जा रहा है, जब लोगों ने शहर के बीचोबीच व्यस्त चौक में से एक पर गोवंश का कटा सिर मिला। जैसे की यह खबर फैली बड़ी संख्या में गुस्साए लोगों ने शहीद कैप्टन सुनील चौक के नजदीक अंबेडकर पुल को अवरुद्ध कर जोरदार प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इससे पहले की खबर लोगों तक पहुंचती पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए गोवंश का कटा सिर वहां से हटा दिया। प्रदर्शनकारियों ने लगभग आधे घंटे से ज्यादा समय तक पुल को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों में शामिल युवाओं ने चेतावनी दी है कि अगर हिंदू की भावना को आहत करेगा तो हिंदू समाज चुप बैठने वालों में नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन गोवंश तस्करों को काबू करने में असफल साबित हो रही है। समाजसेवी एडवोकेट हिमांशू शर्मा ने बताया कि पुलिस को चौबीस घंटे का समय दिया गया है। इसके बाद लोग उग्र प्रदर्शन करेंगे। संवाद