आउट ....पुलिस मार्टियर्स टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान जेकेपी टीम के खिलाड़ी को आउट क
14वें पुलिस मार्टियर्स नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में जारी 14वें पुलिस मार्टियर्स नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2025-26 के दौरान होने वाले क्रिकेट के मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उमड़ रहे हैं।
इसमें मंगलवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में केजीएफ इलेवन ने जेकेपी इलेवन को 6 विकेट से हराया। वहीं दूसरे मैच में विक्की इलेवन पठानकोट ने हिल्स व्यू राजोरी को 7 विकेट से मात दी है। टूर्नामेंट के नौवें दिन सुबह खेले गए पहले मैच में जेकेपी इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 131 रन बनाए।
टीम के लिए फैसल ने 27 गेंदों पर 32 रन और जीआर भारद्वाज ने 31 गेंदों पर 24 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए केजीएफ इलेवन ने मात्र 12.3 ओवरों में 4 विकेट खोकर 131 रन बना लिए। टीम के लिए इम्तियाज ने 37 गेंदों पर 10 चौके और 3 छक्के लगाकर 64 और सनी ने 20 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्के लगाते 31 रनों की पारी खेली। इस तरह केजीएफ इलेवन ने मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। इम्तियाज को उनकी बेहतरीन पारी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दोपहर को दूसरा मैच विक्की इलेवन पठानकोट और हिल्स व्यू राजोरी के बीच हुआ। इसमें विक्की इलेवन पठानकोट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। लिहाजा पहले बल्लेबाजी करते हुए हिल्स व्यू राजोरी ने 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 168 रन बनाए। टीम के लिए अनुज कुमार ने 42 गेंदों पर 50 रन और अब्दुल वानी ने 32 गेंदों पर 49 रन बनाए। इसका पीछा करते हुए विक्की इलेवन पठानकोट ने 18.1 ओवरों में 3 विकेट खोकर 169 रन बनाकर जीत अपने नाम कर ली। टीम के लिए दिपांशु ने 56 गेंदों पर 68 और नवनीत विर्क ने 29 गेंदों पर 54 रन बनाए। इस मैच में विक्की इलेवन पठानकोट को सात विकेट जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा करने वाले दिपांशु को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।