संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बरसात के मौसम में मच्छर जनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने गांव चक देसा का दौरा कर डेंगू और मलेरिया से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में घर-घर जाकर लोगों को मच्छर जनित बीमारियों के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि ठहरा हुआ पानी मच्छरों के प्रजनन का प्रमुख स्थान बन सकता है। अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए व्यक्तिगत सावधानी के साथ-साथ सामुदायिक स्तर पर स्वच्छता बनाए रखना भी जरूरी है। घरों की छतों, कूलर, गमलों, पुराने टायरों, खाली बर्तनों और अन्य ऐसे स्थानों की नियमित जांच करने की सलाह दी गई, जहां बारिश का पानी जमा हो सकता है। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को मच्छरों से बचाव के लिए सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, शरीर को ढककर रखने और आवश्यकतानुसार मच्छर भगाने वाले साधनों का प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही लोगों से कहा गया कि यदि किसी व्यक्ति में लगातार बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, कमजोरी या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।