-टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर कठुआ में संभाग स्तरीय अंतर जिला गर्ल्स खो-खो प्रतियोगिता का चौथा दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला के खरोट मोड़ स्थित जम्मू-कश्मीर टूरिज्म के टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर में संभाग स्तरीय अंतर जिला गर्ल्स खो-खो प्रतियोगिता केे चौथे दिन अंडर 19 वर्ग में लड़कियों के मुकाबले करवाए गए। इसका शुभारंभ हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ के प्रिंसिपल और युवा सेवा एवं खेल विभाग के जिलाधिकारी सुनील कुमार ने किया। इसके बाद पहला मुकाबला उधमपुर और पुंछ के बीच खेला गया, जिसमें उधमपुर ने जीत दर्ज की।
इसमें विभिन्न जिलों से आईं 112 खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। बता दें, इससे पहले करवाए गए अंडर 17 मुकाबलों में प्रदेश भर की 17 लड़कियोंं का अगले चरण में चयन हो चुका है। युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा करवाए जाने वाले अंडर 19 खो-खो (लड़कियां) के चौथे दिन 5 मैच करवाए गए। अंडर-19 का पहला मुकाबला उधमपुर और पुंछ की टीम के मध्य खेला गया। इसमें उधमपुर ने 8 अंकों से जीत हासिल की। दूसरा मुकाबला जम्मू और डोडा जिला की टीमों के बीच करवाया गया। यह मैच बिना किसी नतीजे के रहा, जिसे टाइ घोषित किया गया। तीसरा मुकाबला कठुआ और रामबन की टीमों में हुआ, जिसमें कठुआ की टीम ने 11 अंकों से जीत हासिल की। चौथा मैच राजोरी और सांबा के बीच करवाया गया, जिसमें सांबा ने राजोरी को 6 अंकों से हरा दिया। वहीं, पांचवां और अंतिम मुकाबला कठुआ और किश्तवाड़ के बीच हुआ। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और कठुआ ने महज एक अंक से जीत हासिल की। टूर्नामेंट के अन्य मुकाबले रविवार को करवाए जाएंगे।