संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कठुआ जिले में डेंगू के मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जिले में 15 जून से शुरू हुए डेंगू के प्रकोप में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। मामलों के लगातार बढ़ने का क्रम इस तरह जारी है कि 3 महीनों के दौरान जिले में डेंगू के अब तक सामने आए मरीजों की संख्या 189 हो चुकी है। अकेले रविवार को ही 11 नए मामले सामने आए हैं।
जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें रविवार को भी लगातार डेंगू मरीजों के घरों के आसपास एंटी लार्वा दवा का स्प्रे करने में जुटी रही।रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कूके चक, अरलीवंड, कॉलेज रोड समेत अन्य क्षेत्रों में डोर-टू-डोर अभियान चलाते हुए गलियों, लोगों के घरों व आसपास के इलाकों में दवा का छिड़काव करवाया और लोगों को अपने घरों के आसपास किसी भी तरह का पानी जमा न होने देने की अपील भी की। जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश मगोत्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की सभी 6 टीमें लगातार जागरुकता अभियान चला रही हैं। ताकि, शहर को डेंगू का प्रकोप कम किया जा सके। बताया कि अब तक पॉजिटिव मिले 189 में से 155 लोग रिकवर हो चुके हैं। जबकि, 34 लोगों का ईलाज चल रहा है।