संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। पश्चिम बंगाल में तैनात सेना के राइफलमैन अमित सिंह की संदिग्ध मौत पर जम्मू-कश्मीर एक्स सर्विस वेलफेयर एसोसिएशन ने गहरा दुख जताया है। शुक्रवार देर शाम शहर के पीडब्ल्यूडी कॉलोनी से शहीदी चौक स्थित शहीद स्मारक तक पूर्व सैनिकों ने कैंडल मार्च निकालकर अपना रोष जताया। इसके साथ राइफलमैन की मौत के कारणों की जांच सीबीआई के हवाले किए जाने की मांग की।
इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोहर सिंह ने कहा कि सेना के अधिकारी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे अमित सिंह काफी समय से परेशान चल रहे थे। इस बारे में उन्होंने कई बार अपने घर व परिजनों को इसकी जानकारी दी थी। जिसमें उन्होंने प्रताड़ित किए जाने की बात बताते हुए शंका जताई थी कि उनकी हत्या भी हो सकती है। वहीं, इस मामले में मृत्यु के 72 घंटे के बाद परिजनों को सूचना दिया जाना संदेह उत्पन्न करता है। उन्होंने सरकार से अमित सिंह की मौत की स्पष्ट जांच कराए जाने के लिए सीबीआई को नियुक्त किए जाने की मांग की, ताकि मृतक के परिजनों को इंसाफ मिले और सेना की जांच पर उठने वाले सवाल भी खत्म हो सके।