बीच सड़क में बस खड़ी कर करते हैं सवारियों का इंतजार
- चौक-चौराहे पर तैनात पुलिस का भी नहीं कोई डर
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। जम्मू-कठुआ रूट पर चलने वाले बस चालकों की मनमानी आम लोगों की परेशानियां बढ़ा रही है। जहां एक तरफ एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य और हाईवे का विस्तारीकरण का कार्य चल रहा है, वहीं इसके चलते कई जगहों पर यातायात परिवर्तित किया गया है। कई जगहों पर सर्विस लेन से वाहनों को चलाया जा रहा है। ऐसे में यह बस चालक बीच सड़क में यात्रियों को उतारने और चढ़ाने का काम करते हैं। इससे जगह-जगह जाम की स्थिति पैदा हो रही है। चौक-चौराहे पर पुलिस व यातायात पुलिस की तैनाती के बावजूद यह बस चालक बेखौफ होकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
चड़वाल व दयाला चक में फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते यातायात को सर्विस लेन पर परिवर्तित किया गया है। बस चालक यहां बीच सड़क में बस रोककर यात्रियों को उतारते और चढ़ाते हैं। बीच सड़क में बस खड़ी करने से लगने वाले जाम की वह कोई परवाह नहीं करते हैं। जब तक उनकी मर्जी करे तब तक बस को बीच सड़क में ही रोके रहते हैं। आम लोगों का कहना है कि मनमानी करने वाले इन चालकों पर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि जगह-जगह जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। सुनील सिंह ने कहा कि चड़वाल में एक्सप्रेस के निर्माण कार्य के चलते सर्विस लेन पर गाड़ियों की आवाजाही हो रही है। निर्माण कार्य के चलते सर्विस लेन संकरी हो गई है। इससे वाहनों का गुजरना मुश्किल होता है। वहीं इस दौरान जम्मू-कठुआ रूट पर चलने वाली बसों के चालक बीच सड़क पर बस खड़ी कर सवारियों का इंतजार करते हैं। चालक इस बात का जरा भी ख्याल नहीं करते हैं कि उनके पीछे भी वाहन चल रहे हैं। इनकी मनमर्जी के चलते अक्सर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। दयाला चक के दीपक कुमार ने कहा कि इस रूट पर चलने वाले बस चालक यातायात नियमों की कोई परवाह नहीं करते हैं। चौक में पुलिस और यातायात पुलिस की मौजूदगी होने के बावजूद यह धड़ल्ले से बीच सड़क में गाड़ी खड़ी कर प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करते हैं। पहले भी इन पर कार्रवाई की कई बार मांग कर चुके हैं लेकिन इन पर कार्रवाई होती कभी नहीं दिखी। यही कारण है कि उनके हौसले और बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा दुकानों के बिल्कुल पास बार बार प्रेशर हॉर्न बजने से यहां कई दुकानदारों को सुनने की क्षमता घट रही है। इन पर कार्रवाई होना बहुत जरूरी है।