जुथाना में लोगों की समस्याएं सुनते विधायक राजीव जसरोटिया। स्रोत : स्वयं
ग्रामीणों ने विधायक के सामने खोला समस्याओं का पिटारा
कठुआ। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के जुथाना क्षेत्र में जनता दरबार और जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने विधायक राजीव जसरोटिया के समक्ष समस्याओं का पिटारा खोला।
बुजुर्ग, युवा, महिलाएं एवं विभिन्न मोहल्लों के प्रतिनिधियों ने विधायक से जल एवं विद्युत आपूर्ति, सड़क मरम्मत, सफाई व्यवस्था, पेंशन, राशन, पुलिस सेवा और अन्य जन कल्याण योजनाओं से जुड़ी शिकायतें साझा कीं। पेंशन योजनाओं में देरी, वित्तीय सहायता और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में समस्याएं विशेष रूप से उठाई गईं।
विधायक जसरोटिया ने आश्वासन दिया कि समाज कल्याण विभाग इन समस्याओं पर शीघ्र संज्ञान लेगा और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं का समाधान करना है। जनता दरबार नागरिकों को सीधे समस्याएं बताने और तत्काल उतर प्राप्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सक्रिय शासन व्यवस्था और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने में विश्वास करती है। जनता दरबार के दौरान विधायक ने कई मामलों को मौखिक एवं लिखित निर्देशों के माध्यम से संबंधित विभागों को हल करने के निर्देश दिए। जसरोटिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्यवाही करें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस मंच का उपयोग कर समस्याएं और सुझाव साझा करें।