हैंडबॉल प्रतियोगिता के प्रतिभागीआयोजक
कठुआ। जिला स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया है। सोमवार को पुरुष वर्ग में प्रतियोगिता का फाइनल मैच ब्लू वॉरियर्स और रैपिड स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। इसमें रैपिड स्ट्राइकर्स ने ब्लू वॉरियर्स को 19-14 से पराजित कर, जिला प्रतियोगिता का खिताब भी अपने नाम कर लिया।
बता दें कि जिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का आगाज बीते रविवार को हुआ था। दो दिवसीय प्रतियोगिता में तीन पुरुषों की टीमों और दो महिला टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, टीम भावना और अनुशासन का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। सभी मुकाबले खेल भावना के अनुरूप अनुशासित वातावरण में खेले गए। प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय डिग्री कॉलेज के शारीरिक निदेशक संदीप शर्मा द्वारा किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्पोर्ट्स स्टेडियम मैनेजर विनोद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने जिला हैंडबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष दिनेश राज, कोषाध्यक्ष संजीव चावला तथा महासचिव एडवोकेट प्रणब शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।