कठुआ। जम्मू-कश्मीर ग्रामीण रोजगार सृजन कार्यक्रम (जेकेआरईजीपी) के तहत जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपायुक्त राजेश शर्मा द्वारा की गई।
इसमें बेरोजगार युवाओं ने स्वरोजगार के तहत कुल 38 आवेदनों में 22 आवेदन को मंजूर किया गया है। इनको जम्मू-कश्मीर खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड (केवीआईबी) की ओर से कार्यान्वित किया जा रहा है।
बैठक में समिति के समक्ष स्वरोजगार के लिए कुल 38 मामले प्रस्तुत किए गए। इनमें से 14 आवेदक अनुपस्थित रहे, जबकि दो मामलों को समिति द्वारा अस्वीकृत किया गया।
वहीं, शेष 22 आवेदनों को विस्तृत जांच और आवेदकों से बातचीत के उपरांत स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृत मामलों को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए बैंकों को प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) हेतु भेजने की सिफारिश की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों और बैंकिंग संस्थानों के बीच प्रभावी समन्वय पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वीकृत मामलों का समय पर बैंक लिंकेज सुनिश्चित किया जाए ताकि कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन हो सके।
बैठक में जिला उद्योग केंद्र के जनरल मैनेजर मुश्ताक चौधरी के अलावा विभिन्न बैंक और आईटीआई के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक की कार्यवाही का संचालन खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के जिला अधिकारी और समिति के संयोजक सुरिंद्र पाल शर्मा की ओर से किया गया।