झूलों का कार्निवल में आनंद लेते बच्चेसंवाद
- फोटो : udhampur news
कठुआ। क्रिसमस की खुशियां, नववर्ष का स्वागत और बच्चों की उत्साह उमंग के बीच आर्मी पब्लिक स्कूल जंगलोट में विंटर कार्निवल का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम आनंद, एकजुटता और समग्र शिक्षा के मूल्यों को समर्पित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन ब्रिगेडियर तेजेंद्र चौधरी ने प्रथम महिला मोनिका चौधरी की उपस्थिति में किया। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. विशाखा शर्मा की देखरेज में आयोजित समारोह ने परिसर को उत्सव और उल्लास के रंगों से सराबोर कर दिया।
विद्यार्थियों को अपनी संगठनात्मक क्षमता, रचनात्मकता और सहयोग की भावना प्रदर्शित करने का अवसर मिला, वहीं अभिभावकों और आगंतुकों ने मेले जैसे वातावरण का आनंद उठाया। कार्यक्रम में विविध आकर्षणों का समावेश किया गया था। मनोरंजक खेल, रंग-बिरंगे गतिविधि स्टॉल, झूले, जीवंत संगीत, डीजे की धुनें और सुसज्जित फूड कोर्ट ने सभी का मन मोह लिया। स्वादिष्ट व्यंजनों और ताजगी भरे पेय पदार्थों ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया।
विंटर कार्निवल का समापन हर्षोल्लास और अविस्मरणीय पलों के साथ हुआ। डॉ विशाखा शर्मा ने बताया कि आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों और अभिभावकों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी बल्कि शिक्षा को मूल्यों, अनुशासन और समग्र विकास से जोड़ने की प्रतिबद्धता को भी और मजबूत किया।