कठुआ। शहर से सटे कालीबड़ी के पास एक बेकाबू कार ने वहां खड़ी मोटरसाइकिल को रौंद डाला है। गनीमत रही कि जिस समय घटना पेश आई उस वक्त मोटरसाइकिल सवार उससे उतर गया था। इसके चलते वह कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया है। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले में बाइक चालक की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है जिसके आधार पर ही कार्रवाई की जा सकती है।
शनिवार शाम के समय होने वाली इस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना उस समय पेश आई जबकि लखनपुर की ओर से आ रही एक बीएमडब्ल्यू कार नंबर एचआर26सीसी-9696 तेज गति के साथ वहां से निकली इस दौरान सड़क के किनारे खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल नंबर जेके08सी-1817 को अपनी चपेट में ले लिया।
कार की गति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह मोटर साइकिल को काफी दूर तक अपने साथ खींचती लेकर जा रही थी। इससे सड़क पर होने वाले घर्षण से निकलने वाली चिंगारियों ने लोगों को दहला दिया।
हालांकि कुछ दूर जाने के बाद कार से मोटर साइकिल अलग हो गई। जिसके बाद लोगों को माजरा समझ में आया, लेकिन तब तक मोटर साइकिल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
लोगों का कहना है कि गनीमत रही कि जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त मोटरसाइकिल चालक उससे उतरा हुआ था। अन्यथा कोई दुखद घटना हो सकती थी।
घटना के संबंध में कठुआ सिटी थाना प्रभारी संदीप चिब ने बताया कि घटना के बाद उनकी पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तब तक मोटर साइकिल चालक उसे लेकर वहां से जा चुका था। जबकि कार घटना स्थल से थोड़ी दूरी पर जहां उसका चालक छोड़कर चला गया था, वहां पाई गई है। लेकिन इस मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल घटना पर नजर रखी गई जरा रही है। उधर, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो वहां तैनात पुलिस कर्मी बाइक को हटाते नजर आए।