-कठुआ पुलिस के सहयोग से बरनोटी के स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम करवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
नगरी। समाज में बढ़ते नशे के खिलाफ समाजसेवी सुखदेव सिंह लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। बरनोटी के निजी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सुखदेव सिंह ने कठुआ पुलिस के सहयोग से बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। स्कूली बच्चों ने नशे से दूर रहने व समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ली।
सुखदेव सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी उद्देश्य से भटक कर नशे में फंसकर भविष्य बर्बाद कर रही है। भविष्य को अंधकार में धकेल रही है। हम लोगों को उन सभी के लिए उम्मीद की एक किरण बनकर नशे को जड़ से खत्म करना है। वहीं, कठुआ पुलिस के डीएसपी मुख्यालय मंजीत सिंह ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए सतर्क रहने का आह्वान किया। कहा कि वे आसपास घट रही घटनाओं पर नजर रखें। कोई नशाखोर व नशा तस्कर दिखाई दे तो सूचना कठुआ पुलिस को दें। इससे जहां पुलिस नशे से ग्रस्त लोगों को नया जीवन देने में मदद कर सकेगी, वहीं नशाखोरों को सलाखों के पीछे डाल सकेगी। बच्चों ने भी नशे से दूर रहने व समाज को नशामुक्त बनाने की प्रतिज्ञा ली।