नगरी: अविश्वास प्रस्ताव पेश करने जाते पार्षद
- फोटो : संवाद
चार साल में चौथी बार नगरी कमेटी निकाय में फूट पड़ गई है। अध्यक्ष अनिल सिंह अंदोत्रा के खिलाफ कमेटी के आठ पार्षद अविश्वास प्रस्ताव लाने को तैयार हैं। लेकिन अध्यक्ष लगातार दूसरे दिन भी किसी जरूरी काम के चलते कार्यालय में नहीं पहुंचे, जिसे लेकर पार्षदों में रोष व्याप्त है।
पार्षदों का कहना है कि वीरवार को लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव के संबंध में निकाय के कार्यकारी अधिकारी और उनके माध्यम से अध्यक्ष को सूचना भी दी गई थी, लेकिन वह नहीं आए। उधर, अध्यक्ष का कहना है कि किसी जरूरी काम से वो कार्यालय नहीं पहुंच सके हैं। दोपहर बाद जब वह पहुंचे तब पार्षद जा चुके थे। 14 जनवरी को इनके साथ बात की जाएगी।
वीरवार सुबह नगरी परोल नगर कमेटी में पार्षदों का एक दल वर्तमान अध्यक्ष अनिल सिंह अंदोत्रा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर नगरी परोल कार्यालय पहुंचा। लेकिन अध्यक्ष के कार्यालय में न पहुंचने पर रोष जताया गया। पार्षदों में शामिल तरसेम सैनी, शशिकांता वर्मा ने बताया कि अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के लिए बुधवार से प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वो कार्यालय में नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकारी अधिकारी को उन्हें सूचित करने के लिए कहा गया था, लेकिन इसके बाद भी वो नहीं पहुंचे हैं।
अविश्वास प्रस्ताव के संबंध में पार्षदों का कहना है कि उन्हें भरोसे में नहीं लिया जाता है। साथ ही आरोप लगाया है कि कामकाज भी नहीं हो रहे हैं। ऐसे में ज्यादातर पार्षद नाराज हैं और अध्यक्ष बदलने के लिए आगे आए हैं। उधर, अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि यह पार्षदों का लोकतांत्रिक अधिकार है। सुबह दस बजे फोन के माध्यम से बताया गया। जिसके बाद साढ़े दस बजे दफ्तर पहुंचने का समय दिया था, लेकिन जरूरी पारिवारिक काम के चलते कहीं जाना पड़ा। बताया कि दोपहर के समय कार्यालय पहुंचे, लेकिन पार्षद जा चुके थे। उन्होंने कहा कि 14 जनवरी को कार्यालय खुलेगा और पार्षदों से बात की जाएगी।