हीरानगर। इक्कजुट जम्मू ने शेर ए कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर साइंस एंड टेक्नोलॉजी का नाम बदलकर बाबा जित्तो के नाम पर रखने की मांग की है। शनिवार को सचिव राजेश्वर गरोच ने छपाकि में पत्रकार वार्ता कर यह मांग रखी और कहा इस मांग को मनवाने के लिए हम मिलकर एक मुहिम शुरू करेंगे। लोगों को जागरूक कर संगठित करेंगे और मांग पूरी न होने पर आंदोलन शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा 370 हटाने के बाद जम्मू के लोगों को कश्मीर केंद्रित राजनीति करने वाले नेताओं और अलगाववादी नेताओं की गुलामी से आजादी मिली थी। अब इस गुलामी से उभरने के लिए जम्मू के राष्ट्रभक्त लोगों को संघर्ष करना पड़ेगा। उन्होंने कहा हमारा संगठन पिछले कई दिनों से यूनिवर्सिटी का नाम बदलने के लिए संघर्ष कर रहा है। लेकिन अफसोस है कि जम्मू के लोगों की छोटी-छोटी बातें भी बिना संघर्ष के नहीं मानी जा रही हैं। महाराजा हरि सिंह के जन्मदिन की छुट्टी के लिए भी लोगों को संघर्ष करना पड़ा लाठियां खानी पड़ी तब जाकर प्रदेश सरकार होश में आई। हम सरकार से मांग करते हैं कि यूनिवर्सिटी का नाम बदलने की मांग जल्द पूरी की जाए अन्यथा हमें फिर से दो-दो हाथ करने पड़ेंगे। उन्होंने कहा यूनिवर्सिटी का नाम उन लोगों के नाम पर रखा है, जिनका जम्मू-कश्मीर में कोई योगदान नहीं था और जिन्होंने जम्मू के लोगों को दबाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसलिए किसानों के लिए संघर्ष करने वाले बाबा जित्तो के नाम पर इस यूनिवर्सिटी का नाम रखा जाना चाहिए। इस मौके पर कठुआ जिला उपाध्यक्ष अश्वनी शर्मा, जिला उपाध्यक्ष शुभकरण, जिला महासचिव विजय कुमार आदि भी मौजूद रहे।