बिलावर। महीने के जेष्ठ सोमवार को बिलावर कस्बे में स्थित बिल्केश्वर महादेव मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ा पड़ा। स्थानीय लोगों सहित देवल, किशनपुर, सुकराला, बग्गन और अन्य इलाकों के कई लोग बिलावर पहुंचे और लोगों ने भगवान भोलेनाथ के मंदिर में पहुंचकर जलाभिषेक किया। सुबह से लेकर दोपहर तक लोगों को कतारों में लगकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने पडे।
बता दें कि बिलावर के विश्व प्रसिद्ध बिलकेश्वर महादेव मंदिर में यूं तो हर दिन कई भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन किसी भी महीने के हर जेष्ठ सोमवार को मंदिर में पहुंचने वाले भक्तों की संख्या हजारों में रहती है। इस अवसर पर भंडारे का आयोजन भी किया गया। भंडारे में कई लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया सुबह 10 बजे से शुरू हुआ भंडारा दोपहर बाद तक जारी रहा। बिल्केश्वर महादेव मंदिर कमेटी के प्रधान सुभाष चौधरी ने बताया कि महीने के हर जेष्ठ सोमवार को कई लोगों के सहयोग से मंदिर प्रांगण में भंडारा लगाया जाता है। यह परंपरा पिछले कई वर्षों से चली आ रही है, जिसमें कई लोग बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं।