कठुआ। जिले में जारी दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे निर्माण में स्थानीय लोगों को रोजगार दिए जाने की मांग को लेकर भवन निर्माण कामगार यूनियन का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। वीरवार को बरनोटी स्थित निर्माण एजेंसी मेगा इंफ्रा लिमिटेड के कार्यालय के समक्ष यूनियन के बैनर तले जमा हुए सैकड़ों लोगों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए रोजगार में उन्हें प्राथमिकता देने की मांग दोहराई।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे भवन निर्माण कामगार यूनियन के महासचिव राजकुमार शर्मा ने कहा कि वह पिछले दो माह से सरकार के प्रावधान के अनुसार 100 प्रतिशत अनस्किल्ड और 80 प्रतिशत सेमी स्किल्ड व स्किल्ड लोगों को रोजगार देने की मांग कर रहे हैं। साथ-साथ निर्माण में स्थानीय मशीनरी जो कि योग्य पाई जाती है उसका भी इस्तेमाल किए जाने की मांग करते आ रहे हैं। इस बारे में डीसी राहुल पांडेय की मध्यस्थता में हुई बैठक के बाद निर्माण एजेंसी ने उनकी मांग को मानने का आश्वासन भी दिया। लेकिन एक माह का समय बीत जाने के बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे मजबूर होकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार के अनुसार उन्होंने धरना प्रदर्शन शुरू किया है। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी द्वारा धरना प्रदर्शन कर रहे मजदूरों को बरगलाने की नियत से आज कुछ टेक्निकल साथियों को बुलाया है। लेकिन उन्हें भी रोजगार देने की कोई कवायद नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि धरना शुरू करने से पहले गत सोमवार को वह डीसी कार्यालय गए थे, लेकिन वहां डीसी के उपलब्ध न होने के कारण वह अपना पक्ष नहीं रख पाए थे। लिहाजा शुक्रवार को यूनियन के सदस्य एक बार फिर डीसी से मिलेंगे। अगर वहां से उन्हें कोई राहत नहीं मिली तो वह युवाओं के साथ हो रही इस नाइंसाफी के खिलाफ अपने अगले कदम पर विचार करेंगे। धरना प्रदर्शन में कुलदीप सिंह, बलकार सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह, अजय सिंह, सुरेश कुमार, दिलीप कुमार, राजेंद्र कुमार, भूपिंदर सिंह, काली दास आदि उपस्थित रहे।