संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला में डेंगू के साथ-साथ चिकनगुनिया ने भी मामले बढ़ते जा रहे हैं। रविवार को जिला में 5 लोगों की डेंगू और 1 की चिकनगुनिया रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। स्वास्थ्य विभाग से जुटाई जानकारी के मुताबिक जिला में जून से अब तक डेंगू के 496 मामले सामने आ चुके हैं।
अक्तूबर के पहले सप्ताह से मिलने शुरु हुए चिकनगुनिया के मामलों की संख्या भी 36 हो चुकी है। बता दें, जिला में डेंगू के साथ-साथ अब चिकनगुनिया ने भी रफ्तार पकड़नी शुरु कर दी है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को भी अनेक मोहल्लों में एंटी लारवा दवा का छिड़काव किया गया और लोगों को डेंगू और चिकनगुनिया के बारे जागरूक किया गया। जानकारी देते मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश मगोत्रा ने बताया कि जिला में अब तक मिले 496 डेंगू मरीजों में से 429 मरीज रिकवर हो चुके हैं। जबकि, चिकनगुनिया के कुल मिले 36 मरीजों में से 11 रिकवर हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की 14 टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरुक कर रही हैं और यही टीमें रोजाना विभिन्न क्षेत्रों में एंटी लारवा दवा का छिड़काव कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद डेंगू और चिकनगुनिया के मामले मिल रहे हैं। कहा कि लोग जागरुक होंगे तो डेंगू और चिकनगुनिया का खतरा कम किया जा सकता है।