एक महीने से पेयजल समस्या से जूझ रहे जंडोर के ग्रामीणों ने शनिवार को विभागीय अधिकारी को समस्या से अवगत करवाया।
क्षेत्र के लोगों ने कहा कि एक महीने में तीन बार गांव के ट्यूबवेल की मोटर खराब होने के कारण बंद हो चुका है। इससे लोगों को पीन का पानी लाने के लिए दो से तीन किलोमीटर चलना पड़ता है।
शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे लेख राज ने कहा कि एक महीने से गांव में पानी की दिक्कतों से दो चार होना पड़ रहा है। ट्यूबवेल खराब होने के कारण पानी लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
इसके साथ ही एक महीने में तीसरी बार ट्यूबवेल की मोटर खराब हो गई जबकि एक बार पंप भी खराब हो चुका है। ऐसे में बार-बार आ रही खराबी के कारण लोगाें को परेशानी हो रही है।
विभाग के स्थानीय अधिकारी को कई बार इस संबंध में बताया जा चुका है लेकिन अभी तक लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।
शिष्टमंडल में शामिल महिला प्रीतो देवी ने कहा कि उन्हें एक महीने से पानी नहीं मिलने के कारण खाना बनाने के साथ अन्य काम में कई दिक्कतों से दो चार होना पड़ रहा है।
ऐसे में जल्द से जल्द नई मोटर और पंप लगाकर समस्या का समाधान किया जाना चाहिए। इस मौके पर कई महिलाओं ने भी रोष प्रकट किया।