श्री राम मंदिर निर्माण निधि संग्रह के लिए निकाली गई बाइक रैली।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। राम मंदिर निधि संग्रह समर्पण समिति जिला कठुआ ने रविवार को शहर में जन जागरण रैली निकाली। संघ कार्यालय एकता भवन से निकली रैली मुखर्जी चौक, शहीदी चैक, कॉलेज रोड, कालीबाड़ी और राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए सावन चक, शहीद भगत सिंह चैक, पारलीबंड से होते हुए संघ कार्यालय में संपन्न हुई। इस रैली में राम नाटक सभा कठुआ की ओर से पेश की गई, राम लक्ष्मण की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
रैली से पूर्व संघ कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें प्रांत संपर्क प्रमुख पूरण, जिला संघचालक सुरेंद्र बजाज, नगर संघचालक इंद्रजीत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिला संघचालक सुरेंद्र बजाज ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्री राम की जन्मभूमि पर बनने वाले मंदिर के लिए आगामी 14 जनवरी से 27 फरवरी तक देशभर में निधि समर्पण महाभियान चलेगा। इस दौरान जिला स्तर, मंडल स्तर और ग्रामीण स्तर पर टीमें कठुआ शहर और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों के प्रत्येक घर में जाएंगी और लोगों को भगवान राम मंदिर के निर्माण में सहयोग के लिए प्रेरित करेंगी। इसके श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट ने कम से कम 10 रुपये के कूपन भी जारी किया है। जो राम भक्त इस राशि से अधिक का सहयोग करना चाहते हैं, उनके लिए रसीद की व्यवस्था की गई है।
जन जागरण रैली में मंदिर निर्माण निधि संग्रह समिति में संयोजक गगन, सह संयोजक ईश्वर शरद, प्रचार प्रमुख दिवाकर शर्मा, कार्यालय प्रमुख जगदीश, कोषाध्यक्ष प्रवीण, जिला कार्यवाह पंकज, कठुआ डीडीसी सदस्य रघुनंदन सिंह, अक्षय भारती और पार्षद राहुल देव सहित सैकड़ों राम भक्त मौजूद रहे।