रैली के माध्यम से बताया बेटियों का महत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बेटियों के महत्व के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए समाज कल्याण विभाग के आईसीडीएस प्रोजेक्ट की ओर से शहर में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। विभाग के कालीबड़ी स्थित कार्यालय से शुरू होने वाली इस रैली को डीसी कठुआ ओमप्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कॉलेज रोड होती हुई रैली नहर स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में आकर संपन्न हुई। इस दौरान रैली में शामिल सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्परों ने अपने पोस्टरों बैनरों और स्लोगन के माध्यम से लोगों को बेटियों के महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया। इस मौके पर अपने संबोधन में डीसी कठुआ ने कहा कि कि किसी भी समाज के निर्माण में बेटियों और बेटों दोनों की समान रूप से भागीदारी है। लेकिन अज्ञानतावश हम सिर्फ बेटों को ही महत्व देते हैं। इसी के चलते हमारे समाज में बेटों के मुकाबले बेटियों का अनुपात कम होता चला जा रहा है। जो कि आने वाले समय में सामाजिक विषमता का कारण बन सकता है। इसी को देखते हुए सरकार द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 30 मार्च तक चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत अलग-अलग तरह की गतिविधियां करवाई जाएगी। इस मौके पर आईसीडीएस प्रोजेक्ट की जिलाधिकारी रितु महाजन ने बताया कि कठुआ के साथ-साथ उनके विभाग द्वारा जिला में इस तरह के कई अन्य प्रोग्राम कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में भी करवाए जा रहे हैं ताकि लोगों को बेटियों के महत्व से परिचित कराया जा सके।