राष्ट्रीय राजमार्ग जम्मू-पठानकोट के विस्तारीकरण और निर्माणकार्य के चलते हाईवे पर आए दिन जाम की नौबत पैदा हो जा रही है। वीरवार को दोपहर बाद हटली मोड़ इलाके में भीषण जाम लगा, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जाम में फंसकर सैकड़ों वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ रहे थे। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया। इसके बाद जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।
हाईवे के निर्माणकार्य के चलते शहर के रेलवे स्टेशन मार्ग से लेकर मग्गर खड्ड तक दोनों तरफ की ट्रैफिक को सर्विस लेन से निकाली जा रही है। हटली मोड़ एक ऐसा इलाका है, जहां एक मार्ग औद्योगिक क्षेत्र गोविंदसर और दूसरा मार्ग कठुआ शहर से जुड़ता है। कई बार औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले भारी वाहनों के चलते हटली मोड़ में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके कारण न केवल यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी होती है बल्कि हाईवे पर अक्सर लगने वाले जाम की वजह से दुकानदारों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर से लगते हाईवे पर जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर और सहार खड्ड तक लगभग 10 किलोमीटर पुलों के क्षतिग्रस्त हो जाने और हाईवे विस्तारीकरण से कई जगहों पर अक्सर जाम लगा रहता है। मामले को कई बार जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया जा चुका है लेकिन अब तक ट्रैफिक विभाग ने इन चिन्हित जगहों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं की है। वहीं हटली मोड़ से रेलवे स्टेशन तक सर्विस लेन पर लंबे समय से गहरे गड्ढे बने हुए है, जहां आए दिन दो पहिया वाहन सवार हादसों का शिकार हो रहे है। लेकिन हाईवे अथारिटी इसे गंभीरता से नहीं ले रहा। इन गहरे गड्ढों और खस्ताहाल सड़क के कारण उड़ने वाली धूल मिट्टी से सर्विस लेन के किनारे दुकानदारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।