हीरानगर। अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से सटे लौंडी गांव के नजदीक पेड़ पर चांद, तारा जैसा बना गुब्बारा मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं हैं। पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में ले लिया है।
एसएचओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने सूचना दी कि एक पेड़ पर गुब्बारा फंसा है, जिसका डिजाइन पाकिस्तानी झंडे के निशान की तरह आधा चांद और तारा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सुनहरे रंग के इस गुब्बारे को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं है। यह भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि यह गुब्बारा पाकिस्तान की ओर से ही आया हो। हालांकि सीमा से सटे गांव में इस तरह के गुब्बारे के मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। क्योंकि पाकिस्तान इस संवेदनशील इलाके में इस तरह के गुब्बारों के जरिए कोई संदेश भी दे सकता है।