कठुआ। जिला में कोरोना महामारी के प्रसार पर रोक लगाने के लिए टीकाकरण कार्यक्रम तेजी से जारी है। रविवार को पूरे जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर 1791 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसके साथ अब जिला में टीकाकरण करवाने वालों की संख्या 124368 हो गई है।
जिला में जारी टीकाकरण कार्यक्रम के बारे में डिप्टी सीएमओ डॉ. नीरज नागपाल ने कहा कि आम लोगों को कोरोना की महामारी से बचाने के लिए विभाग के प्रयास जारी हैं। जिसके तहत जिला में सौ से ज्यादा टीकाकरण केंद्र प्रतिदिन काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से विभाग द्वारा बनाए गए टीकाकरण केंद्रों में जाकर सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आज जिन लोगों ने टीकाकरण की सुविधा का लाभ लिया उनमें पहली डोज का लाभ लेने वालों की संख्या 1357 रही और दूसरी डोज लेने वालों की संख्या 434 रही है। अब तक जिला में टीकाकरण के कार्यक्रम के दौरान 105556 लोगों ने पहले चरण का टीकाकरण करवाया है। जबकि 18812 लोगों ने इसकी दोनों खुराक ले ली हैं। टीकाकरण कार्यक्रम में पहली डोज लेने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या 6 रही और दूसरी डोज 4 स्वास्थ्य कर्मियों ने ली है। इसी तरह पहली डोज लगवाने वाले फ्रंटलाइन वर्करों की संख्या 87 रही जबकि दूसरी डोज लगवाने वाले फ्रंट लाइन वर्करों की संख्या 18 रही। 45 वर्ष से अधिक आयु के 963 लोगों ने टीकाकरण करवाया है। वहीं दूसरी डोज हासिल करने वाले की संख्या 96 रही है। इसी प्रकार पहली डोज हासिल करने वाले वरिष्ठ नागरिकों की संख्या 301 रही। जबकि दूसरी डोज हासिल करने वाले वरिष्ठ नागरिकों की संख्या 316 रही है।