बसोहली। जिन केंद्रों में वैक्सीनेशन कम हो रही है, उन केंद्रों के कर्मियों और अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। एडीसी तिलक राज थापा ने बताया कि ब्लॉक लेवल पर सर्विलांस टीमों को सख्त हिदायत दी गई है कि जिन केंद्रों पर वैक्सीनेशन कम हो रही है व जिन टीमों की प्रोग्रेस रिपोर्ट कमजोर हैं, उन कर्मियों व अधिकारियों की तनख्वाह को तब तक रोका जाएगा जब तक वैक्सीनेशन पूरी नहीं हो जाती। सबसे कम वैक्सीनेशन वाला इलाका हट्ट का पाया गया है यहां बीते शनिवार को केवल 3 लोगों की ही वैक्सीनेशन हुई थी, वहीं सोमवार को उपमंडल के दूरदराज पहाड़ी इलाके खड्ढी व घोडल नगाली में लोगों को जागरूक करते हुए उनकी वैक्सीनेशन की जाएगी इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रविवार देर शाम तक अपनी तैयारियां पूरी करनी है सोमवार सुबह टीमें बसोहली से रवाना होंगी।
वही उपमंडल के पीएचसी शीतलनगर व सांधर, पीएचसी करनवाड़ा, महानपुर सननघाट, पलासी, बसोहली, हट्ट, मानू, डोडला, जंदरोटा, शारा, द्रमण, नगरोटा, पलाख, घघरोड, पलाही, झेंखर, पूंडा आदि इलाकों में 140 लोगों की वैक्सीनेशन की गई। क्षेत्र में जो लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं, एडीसी बसोहली तिलक राज थापा ने सभी को फोन कर हाल जाना। साथ ही कोविड केयर व आइसोलेशन वार्ड में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी उनसे जानकारी हासिल की।
तहसीलदार ने शादी समारोहों का निरीक्षण किया
तहसीलदार अमन आनंद ने रविवार को क्षेत्र में चल रहे शादी समारोहों का निरीक्षण किया। रैहण, पठियारा, शीतलनगर, हट्ट, आदि इलाकों में रविवार को करीब आधा दर्जन शादी समारोह हुए। तहसीलदार टीम के साथ सभी जगह पहुंचे, लेकिन सब जगह हालात ठीक मिले।
तहसीलदार अमन आनंद ने शादी समारोह में उपस्थित लोगों से अपील की कि ऐसे समारोह में सोशल डिस्टेंसिंग और फेस मास्क का विशेष ध्यान रखें। समारोह के दौरान जो लोग खाने-पीने की व्यवस्था करते हैं वह भी अपने टेस्ट करवाएं और खाना तैयार करते समय डबल फेस मास्क का प्रयोग करें। हाथों को बार-बार धोएं और आसपास मौजूद चीजों को बार-बार छूने से भी परहेज करें।