सिरनू में दो दिवसीय पारंपरिक मेले का शुभारंभ
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बनी। बनी की पंचायत सित्ती के सिरनू गांव में वीरवार को करीब सात दशक पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दो दिवसीय ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ उत्साह और श्रद्धा के साथ हुआ। मेले के पहले दिन पारंपरिक दंगल मुख्य आकर्षण रहा। इसमें जम्मू-कश्मीर और पंजाब के नामी पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने दमखम, तकनीक और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल देखने के लिए बनी के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा भंडार, फतेहपुर, गत्ती तथा आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिससे पूरे दिन मेले में रौनक बनी रही।
दंगल की सबसे बड़ी 11 हजार रुपये की माली बनी के पहलवान मलकीत सिंह और लुधियाना (पंजाब) के पहलवान हर्ष के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने शानदार मुकाबला पेश कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। अंत में मलकीत सिंह ने जीत दर्ज कर बड़ी माली अपने नाम की। वहीं 5100 रुपये की छोटी माली के लिए बनी के पहलवान अंकुश और बसोहली के भूंड क्षेत्र के पहलवान के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें अंकुश विजेता रहे।
मेले के पहले दिन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बनी लेखराज सुंदरम बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उनके साथ गिरधारी लाल ललहाल, देवराज शर्मा तथा परवीन कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को सम्मानित करते हुए आयोजन समिति की सराहना की। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान भी किया।
आयोजन समिति के सदस्य किशोरी लाल ने बताया कि सिरनू का यह पारंपरिक मेला पिछले 60 से 70 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेले के दूसरे दिन बनी के विधायक डॉ. रमेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले का समापन पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाएगा।