ठेके उठाने के बाद भी नहीं शुरू किए विकास कार्य, कईयों ने अधूरे काम छोड़े
तीन से अधिक ठेकेदारों को किया जा रहा ब्लैकलिस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। क्षेत्र में विकास कार्यों में लगातार हो रही देरी और ठेकेदारों की लापरवाही को लेकर प्रशासन एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने कई ठेकेदारों को अंतिम नोटिस जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के भीतर कार्य शुरू नहीं करने पर अनुबंध समाप्त कर सीडीआर जब्त की जाएगी और संबंधित ठेकेदारों को भविष्य की निविदा प्रक्रिया से बार किया जाएगा। विभाग ने तीन से अधिक ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह ने अधिकारियों को विकास कार्यों में अनावश्यक देरी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। विधायक के निर्देशों के बाद विभाग ने लंबित पड़े कार्यों की समीक्षा कर नोटिस जारी करने की कार्रवाई तेज कर दी। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग कठुआ के कार्यकारी अभियंता कार्यालय की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। उसमें कहा गया कि कई कार्य आवंटित होने के महीनों बाद भी शुरू नहीं किए गए। नोटिस में संबंधित ठेकेदारों को अंतिम एवं आखिरी अवसर देते हुए नोटिस जारी होने के तीन दिनों के भीतर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस में साफ कहा गया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो संबंधित अनुबंध समाप्त कर दिया जाएगा। सीडीआर जब्त की जाएगी, कार्य को दोबारा फ्रेश टेंडर में डाला जाएगा और संबंधित ठेकेदार को एक वर्ष तक डिवीजन की किसी भी निविदा प्रक्रिया में भाग लेने से वंचित कर दिया जाएगा।
इन ठेकेदारों को जारी हुए अंतिम नोटिस
जिन ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए उनमें आरव कंस्ट्रक्शन, मालिक केवल कुमार निवासी बनी को विभाग ने अंतिम नोटिस के साथ पंद्रह दिन के भीतर काम पूरा करने की हिदायत दी है। ऐसा न करने पर ठेके का आवंटन रद्द करने और सीडीआर जब्त करने के साथ ही नियमों के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। ठेकेदार को हाई स्कूल कोटी का मार्निंग असेंबली शेड के साथ साथ संदरूण में गलियां बनाने के काम का ठेका दिया गया था। यह पांच महीने बीतने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ है। उधर, बांजल निवासी सुशील कुमार ठेकेदार को भी विभिन्न कार्यों को लेकर विभाग ने अंतिम नोटिस जारी किया है। बांजल में डिस्पेंसरी के टायलेट का काम फरवरी माह में आबंटित होने के बाद भी शुरू नहीं किया गया। इसके अलावा अन्य काम भी पांच महीने के बाद पूरे नहीं हो पाए हैं।
देव राज निवासी बनी को कार्य में देरी को लेकर विभाग ने अंतिम नोटिस जारी किया है इन्हें जोडेयां माता, पंचायत बंजाल, ब्लॉक डुग्गन में कम्युनिटी टॉयलेट कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य को शुरू ना करने को लेकर नोटिस जारी किया गया है। विभाग के अनुसार कार्य आवंटित होने के तीन माह बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। नोटिस में कहा गया है कि तीन दिनों के भीतर कार्य शुरू न होने पर अनुबंध समाप्त कर सीडीआर जब्त की जाएगी और एक वर्ष तक वंचित किया जाएगा। मीमो देवी ठेकेदार को विभाग ने अलवाड़ डंडी वार्ड नंबर-4, पंचायत भुल्लड़ी, ब्लॉक डुग्गन में नाला निर्माण कार्य को शुरू न करने पर नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि कार्य आवंटित होने के एक माह बाद भी काम शुरू नहीं किया गया, जबकि संबंधित एई और जेई की ओर से समय-समय पर नोटिस जारी किए जा चुके थे। विभाग ने तीन दिनों के भीतर कार्य शुरू करने का अंतिम अवसर दिया है।
.................
क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुछ ठेकेदार जानबूझकर विकास कार्यों को लंबित रख रहे हैं। इससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और कार्य में कोताही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- डॉ. रामेश्वर सिंह, विधायक बनी