संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। कोटी-चंडियार सड़क का तारकोल जगह-जगह से उखड़ चुका है। इससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसकी हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कई स्थानों पर सड़क इतनी संकरी हो गई है कि दो वाहनों का आमना-सामना होने पर गुजरना मुश्किल हो जाता है। बारिश के समय सड़क तालाब में तबदील हो जाती है। लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। संबंधित विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। यह सड़क क्षेत्र की लगभग 5000 से अधिक आबादी के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। इसके माध्यम से श्रद्धालु दौला माता मंदिर की यात्रा करते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत करवाई जाए। पहाड़ियों से हो रहे अवैध पत्थर खनन पर तुरंत रोक लगाई जाए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया जाए।
सड़क पर अब तक कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं लेकिन विभाग की ओर से कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा। खराब सड़क के कारण लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
- शब्बीर अहमद, स्थानीय निवासी
सड़क के किनारे स्थित पहाड़ियों से लगातार पत्थर निकाले जा रहे हैं। इससे क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। बारिश के मौसम में यहां हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। सड़क पर मलबा और मिट्टी गिरने से आवाजाही प्रभावित होती है।
- फारूक अहमद, स्थानीय निवासी