बांजल में ताला जड़कर रोष प्रकट करते लोग
- फोटो : udhampur news
बीएमओ ने कर्मचारियों से दो दिन के भीतर मांगा लिखित स्पष्टीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। बनी क्षेत्र के गांव कोटी चंडियार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमवार को बंद मिलने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब वे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला और कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
आदेश के अनुसार ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर बनी ने केंद्र में तैनात कर्मचारियों से दो दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में कहा गया है कि ड्यूटी के समय केंद्र बंद पाए जाने से जनता को भारी परेशानी हुई और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कोटी चंडियार और आसपास के इलाकों की आबादी 5000 से अधिक है और यह क्षेत्र का एकमात्र प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। यदि यहां स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध न हो तो मरीजों को इलाज के लिए कम्युनिटी हेल्थ सेंटर बनी ले जाना पड़ता है। यहां पहुंचने में दो घंटे से अधिक समय लग जाता है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यह स्वास्थ्य केंद्र धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि यहीं से प्रसिद्ध डोला माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं का रास्ता गुजरता है। यात्रा सीजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मार्ग से आते-जाते हैं। ऐसे में केंद्र का बंद रहना चिंता का विषय बना हुआ है।
स्थानीय निवासी मोहम्मद यासीन ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र अक्सर बीच-बीच में बंद रहता है। इससे ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ती है। कामरान अली ने बताया कि कई बार डॉक्टर और स्टाफ समय पर नहीं पहुंचते। इस कारण लोगों का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है। मौजूदा विधायक भी इसी क्षेत्र से जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। चुनाव से पहले स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के कई दावे किए गए थे लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अब भी संतोषजनक नजर नहीं आ रहे।