कठुआ। लंबे इंतजार के बार शहर के परशुराम जी चौक पर विकास कार्य शुरू हो गया है। रविवार को श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के पदाधिकारियों ने विधायक राजीव जसरोटिया और डीसी राजेश शर्मा के साथ विधिविधान भूमि पूजन कर निर्माण का शुभारंभ किया।
इस मौके पर राजीव जसरोटिया ने कहा कि कठुआ शहर के लोगों की मांग पर इस चौक का नामकरण भगवान परशुराम के नाम पर परशुराम जी चौक रखा गया था। कुछ कारणों से इस चौक के प्रस्तावित विकास के कार्य को अंजाम नहीं दिया जा सका था। इसे आज शुरू किया गया है। इसके लिए भगवान परशुराम के प्रति आस्था रखने वाले पूरे समाज को बधाई हो। उन्होंने निर्माण में आने वाली बाधाओं को दूर करने के डीसी कठुआ का विशेष आभार जताया। डीसी ने भी निर्माण शुरू होने पर खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा कि परशुराम जी चौक पर होने वाला विकास कार्य पूर्व की योजना है। उनका सौभाग्य है यह अवसर उन्हें मिला है। इस मौके पर श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के प्रधान सुरिंदर शर्मा ने कहा कि अब निर्माण शुरू हो चुका है। इसे एक माह के भीतर पूरा किया जाएगा।