टिकरी मोड़ का विस्तारीकरण आज से, जोखिम भरे मार्ग से गुजर रहे वाहन
21 अप्रैल से 4 मई तक सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बंद रहेगी ट्रैफिक मूवमेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ/बनी। बनी-बसोहली-भद्रवाह मार्ग पर 15 दिन यातायात बंद रहेगा। बीते साल भारी बारिश में भूस्खलन के साथ खिसके बनी-बसोहली-भद्रवाह मार्ग पर टिकरी मोड़ के विस्तारीकरण का काम आज से शुरू होने जा रहा है।
पिछले कई महीनों से यातायात कच्चे और जोखिम भरे वैकल्पिक रास्ते से किया जा रहा है। ऐसे में बरसात से पहले इस काम को पूरा किया जाना बेहद जरूरी था। इससे बनी और बसोहली के बीच आने जाने वाले वाहनों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
उधर प्रशासन ने बसोहली-बनी-भद्रवाह सड़क पर स्थित टिकरी मोड़ पर सड़क चौड़ीकरण एवं अपग्रेडेशन कार्य के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को लेकर आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार बीआरओ की मांग पर टिकरी के पास डायवर्ट किए गए मार्ग को चौड़ा करने और अपग्रेड करने का कार्य मंगलवार से शुरू किया जा रहा है। मानसून सीजन से
पहले सड़क को बेहतर बनाना आवश्यक है।
सुरक्षा कारणों और निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए बनी बसोहली सड़क मार्ग पर टिकरी के पास 21 अप्रैल 2026 से 4 मई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है।