फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, छत्रगलां से सरथल के बीच फिर हल्की बर्फबारी

Sun, 05 Apr 2026 12:59 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कठुआ
विज्ञापन
बनी भद्रवाह मार्ग पर ताजा बर्फबारी
विज्ञापन
बनी और लोहाई मल्हार इलाकों में बंद रहे स्कूल
विज्ञापन

कई जगह फिसलन बढ़ने से यातायात प्रभावित, बिजली ढांचे पर भी असर

संवाद न्यूज एजेंसी


कठुआ/बनी। लगातार दूसरे दिन बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। वहीं छत्रगलां से सरथल के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई जिससे ठंड और बढ़ गई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र के सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। ऐसे में बनी और लोहाई मल्हार में स्कूल बंद रहे।
हीरानगर और नगरी के क्षेत्र में पककर तैयार हुई फसल के भीगने और फिर आंधी से गिरने के बाद नुकसान की आशंका है। इससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें हैं। शनिवार को बनी क्षेत्र में दूसरे दिन बारिश का असर देखने को मिला। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही। सरथल क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई जबकि भंडार इलाके में बारिश के साथ भूस्खलन से सड़क प्रभावित हुई।
विज्ञापन


लगातार बारिश के चलते सूखे नालों में भी पानी बहना शुरू हो गया है। छोटे-छोटे नाले उफान पर हैं और स्थानीय सेवा और खाद नदी में जलस्तर बढ़ गया है। उधर, बारिश से कई सड़क संपर्क आंशिक रूप से प्रभावित रहे। पहाड़ी इलाकाें में लगातार मौसम खराब रहने और तेज हवाओं के चलते बिजली सेवा प्रभावित है।
प्रशासन पूरी सतर्क, हालात पर रखी जा रही नजर

एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील की है कि बिना किसी जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि कहीं किसी प्रकार की घटना या नुकसान की सूचना मिलती है तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। फिलहाल क्षेत्र में किसी बड़े जानी नुकसान की सूचना नहीं है।



मशीनों के माध्यम से सड़क को साफ कर यातायात बहाल करने का काम जारी है। खराब मौसम के कारण काम में बाधा आ रही है लेकिन जैसे ही मौसम साथ देगा विभाग की पहली प्राथमिकता सभी सड़कों को यातायात के लिए सुचारु रूप से खोलना है।
- मोहम्मद सलीम, अधिकारी, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना



ढगग्गर-बनी सड़क पर जगह-जगह हल्का भूस्खलन हुआ है। सुबह घर से बनी पहुंचने में काफी देर लगी और कई स्थानों पर भारी दलदल व कीचड़ होने के कारण यात्रा करना बेहद मुश्किल हो गया है।
- शाहबाज अहमद, चालक

बेमौसम बारिश और तेज तूफान से किसानों की बढ़ी चिंता, गेहूं की फसल को नुकसान

संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। नगरी, हीरानगर और मढ़ीन क्षेत्र में लगातार खराब मौसम, तेज तूफान और बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अप्रैल महीने में हो रही लगातार बारिश और आंधी के चलते किसानों की गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि यह समय फसल कटाई की तैयारी का होता है, लेकिन लगातार बदलते मौसम के कारण वे असमंजस में हैं कि कटाई शुरू करें या नहीं। कई स्थानों पर तेज तूफान के कारण गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है, जिससे कटाई करना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय किसानों में यश पाल, कुलदीप कुमार, सोहन सिंह, सुरेंद्र कुमार के अनुसार पिछले वर्ष भी अधिक बारिश के कारण धान की फसल को भारी नुकसान हुआ था। किसानों को उम्मीद थी कि इस बार गेहूं की अच्छी पैदावार से उन्हें कुछ राहत मिलेगी, लेकिन बेमौसम बारिश और तूफान ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। पहले फसल लगाने के लिए कंडी के किसानों को लंबे समय तक बारिश का इंतजार करना पड़ा। कुछ एक इलाके में फसल लगी तो उसपर भी मौसम की मार पड़ रही है।
विज्ञापन

किसानों का कहना है कि लगातार दो सीजन से फसल खराब होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि फसलों के नुकसान का सर्वे करवाया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके।

बनी भद्रवाह मार्ग पर ताजा बर्फबारी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें