बनी उपजिला अस्पताल में तेजी से चल रहा डायलिसिस यूनिट का काम संवाद
- फोटो : samvad
अब नहीं जाना पड़ेगा कठुआ, 24 घंटे में तीन से पांच मरीजों का किया जा सकेगा डायलिसिस
हाफिज कुरैशी
बनी। स्वास्थ्य केंद्र बनी में डायलिसिस मशीन की स्थापना प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र के मरीजों को राहत मिलने जा रही है। खासकर दीर्घकालिक किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को अब डायलिसिस के लिए दूर के अस्पतालों जीएमसी जम्मू और कठुआ नहीं जाना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार यह डायलिसिस यूनिट करीब 11 लाख रुपये की लागत से स्थापित की जा रही है और जल्द ही आम जनता को यह सुविधा उपलब्ध होगी।
उप-जिला अस्पताल बनी में डायलिसिस मशीन की स्थापना कार्य प्रगति पर है। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के किडनी रोगियों को काफी लाभ मिलेगा। भविष्य में इस तरह के यूनिट बढ़ाने की योजना भी बनाई जा रही है। बीएमओ ने बताया कि बनी अस्पताल के विकास के लिए लगभग पिछले तीन साल में 10 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट भेजे थे जिनमें से सात करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट की मंजूरी और कुछ ऐसे प्रोजेक्ट बनकर तैयार हुए हैं कुछ अंतिम चरण में है। इन परियोजनाओं में डायलिसिस यूनिट भी शामिल है।
कोट
फिलहाल इस यूनिट में 24 घंटे में तीन से पांच मरीजों का डायलिसिस किया जा सकेगा। 10 से अधिक मरीज इससे जुड़ी समस्याओं के साथ हर महीने अस्पताल पहुंच रहे थे जिन्हें डायलिसिस के लिए बाहर जाना पड़ता था। अब इस यूनिट के शुरू होने से ऐसे मरीजों को यहीं उपचार मिल सकेगा और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क होगी। इस यूनिट के संचालन के लिए प्रशिक्षित टेक्नीशियन की नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई है।
- डाॅ. देवराज मिश्रा, बीएमओ