174 किलोग्राम हेरोइन, चरस, गांजा, पोस्ता भूसा व अफीम के साथ 1,945 नशीले कैप्सूल-टैबलेट इंसीनेरेशन प्लांट में जलाए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला पुलिस ने वीरवार को विभिन्न एनडीपीएस मामलों में जब्त नशीले पदार्थों की खेप को नष्ट कर दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी मोहिता शर्मा की मौजूदगी में सांबा के अनमोल हेल्थकेयर राड़ा स्थित प्लांट में जलाकर नष्ट की गई।
पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 2.05 किलोग्राम हेरोइन, 7.68 किलोग्राम गांजा, 162.649 किलोग्राम पोस्ता भूसा (पॉपी स्ट्रॉ), 2.126 किलोग्राम चरस, 482 ग्राम अफीम, 1,036 नशीले कैप्सूल तथा 909 नशीली गोलियां शामिल हैं। इन सभी मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ 32 लाख 86 हजार 490 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की ओर से की गई। टीम ने इन मादक पदार्थों को सांबा स्थित अधिकृत इंसीनेरेशन केंद्र में जलाकर नष्ट किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नष्ट किए गए मादक पदार्थ जिले में दर्ज कुल 43 अलग-अलग एनडीपीएस मामलों से संबंधित थे। मोहिता शर्मा ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आम जनता से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया।