लोगों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से की तत्काल निर्माण करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर से सटे जराई गांव को जोड़ने वाली एकमात्र पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर रोष जताया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुलिया का जल्द निर्माण करने की मांग उठाई है। लोगों का आरोप है कि खस्ताहाल पुलिया से अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रही है लेकिन प्रशासन इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।
प्रदर्शन में शामिल रजनीश कुमार ने बताया कि गत कई वर्षों से पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से लोगों को नाले के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। उनका कहना है कि रोजाना सैकड़ों लोग इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। इस पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से पंजाब के नरोट जामल सिंह के लोगों को वाया नगरी 20 किलोमीटर का सफर तय कर शहर आना पड़ रहा है।
लोगों की मांग है कि अगर बारिश से पहले इसका निर्माण नहीं हुआ तो स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठाई पड़ेगी। पुलिया के कई हिस्सों में दरारें पड़ चुकी हैं और गहरा गड्ढा बना गया है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं करवाई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने स्थानीय विधायक सहित जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द खस्ताहाल पुलिया को नष्ट कर उसकी जगह नहीं पुलिया का निर्माण किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।