संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 25 वाहनों के चालान काटे। इस दौरान तीन मोटरसाइकिल और एक ई-रिक्शा को जब्त किया गया। यह कार्रवाई शहर के कालीबड़ी चौक में नाका लगाकर की गई जहां वाहनों की गहन जांच की गई।
डीटीआई राकेश शर्मा ने बताया कि यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पिछले तीन दिनों से विशेष अभियान चला रही है। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, दस्तावेज अधूरे होने, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि 25 चालानों में तीन-तीन स्कूली बसें और पैसेंजर बसें भी शामिल हैं। यह चालान ओवरलोडिंग के चलते किए गए हैं। वहीं, गत मंगलवार को सांझी मोड़ इलाके में नाका लगाकर दर्जनों वाहन चालकों के चालान किए गए थे जबकि सात मोटरसाइकिलों को जब्त किया था। इसी तरह बुधवार को औद्योगिक क्षेत्र घाटी में नाका लगाकर कार्रवाई की गई थी। उन्होंने वाहन चालकों खासकर ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वह शहर के निर्धारित रूटों पर ई-रिक्शा चलाए। अगर कोई भी ई-रिक्शा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलता दिखाई दिया तो उसे तुरंत जब्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा की नियमित शिकायतें सामने आ रही है जिसके कारण यह कार्रवाई की जा रही है।