संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला पुलिस लाइन में वीआईपी सुरक्षा को लेकर दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने किया। इस प्रशिक्षण में पुलिस कर्मियों को वीआईपी सुरक्षा ड्यूटी के दौरान अधिक सतर्क, दक्ष और पेशेवर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
यह कार्यक्रम का प्रशिक्षण मॉड्यूल सुरक्षा मुख्यालय द्वारा तैयार किया गया है। इसमें वीआईपी सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं, जिनमें प्रवेश नियंत्रण, खतरे का आकलन, एंटी-सैबोटाज जांच, पुलिस सुरक्षा अधिकारियों की जिम्मेदारियां, एस्कॉर्ट ड्यूटी, बचाव योजना, काफिले की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन स्थिति में प्रतिक्रिया शामिल है। कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग ले रहे है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील केसर, राकेश कुमार, डीएसपी मुख्यालय रविंद्र सिंह, भगवान दास, बसंती भट्ट सहित अलग-अलग थाना प्रभारी, पुलिस चौकी प्रभारी, पुलिस सुरक्षा अधिकारी और अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे। प्रशिक्षण सत्र सुरक्षा विंग के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण में सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक प्रदर्शन भी शामिल हैं, ताकि पुलिस कर्मियों की क्षमता और कौशल को बेहतर बनाया जा सके। इस मौके पर एसएसपी मोहिता शर्मा ने कहा कि ऐसे विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम वर्तमान समय की सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और कौशल का उपयोग वास्तविक परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से इन क्षमता-विकास कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।