शहर के जवाहर नगर में चेन स्नेचिंग की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। संवाद
एसएसपी कार्यालय से 100 मीटर दूर गली में मंदिर के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के जवाहर नगर इलाके में रविवार दोपहर दिनदहाड़े दहशत फैल गई। स्कूटी सवार झपटमार महिला के गले से डेढ़ तोला सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। वारदात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से महज 100 मीटर दूर गली में मंदिर के पास हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
महिला जवाहर नगर की मंदिर के पास गली से गुजर रही थी। इस दौरान स्कूटी सवार युवक वहां पहुंचा और अचानक उसके गले से सोने की चेन झपट ली। महिला कुछ समझ पाती इससे पहले आरोपी तेज रफ्तार से मौके से भाग गया।
पीड़ित महिला मधु वर्मा ने बताया कि दोपहर के चार बजे वह अपने रिश्तेदार के घर से पैदल गली से निकल रही थी। पीछे से अचानक एक युवक आया और चेन छीनकर भाग गया। चेन एक तोले की थी और उसमें आधा तोले का एक लाॅकेट भी था। अशोक सैनी ने बताया कि घटना स्थल के नजदीक ही उसका घर है, जब वह घर से कार बाहर निकाल रहा था, तो महिला जोर जोर से चिल्ला रही थी। सैनी ने बताया कि उसने भी युवक को स्कूटी पर भागते हुए देखा है लेकिन मामला समझ में आता तब तक वह भाग चुका था। इसके बाद पुलिस को हेल्पलाइन नंबर 112 पर इसकी सूचना दी गई। फ्लाइंग स्क्वाड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। लोगों का आरोप है कि आए दिन शहर में स्नैचिंग के मामले सामने आ रहे हैं लेकिन पुलिस है उनको पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है।
शहरवासी सार्वजनिक स्थल पुलिस गश्त बढ़ाने की कर रहे है मांग
शहर में बढ़ती झपटमारी वारदातों से शहरवासियों में रोष है। इससे पहले गत 23 मार्च को कृष्णा कॉलोनी स्थित एक स्कूटी सवार झपटमारी कर महिला का पर्स छीन कर ले गया था जिसमें 3500 रुपये नकद और एक मोबाइल शामिला था। इसे पहले गत वर्ष शास्त्री नगर इलाके में एक स्कूटी सवार झपटमार महिला के गले से सोने की चेन लेकर भाग गए थे। वार्ड 17 में स्कूटी पर सह सवार महिला का पर्स छीनने की कोशिश की गई थी जिसमें महिला सहित स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। शहर में लगातार बढ़ रही वारदातों को देखते हुए शहरवासी शहर में सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।