कठुआ। ऑल जम्मू एंड कश्मीर पटवार एसोसिएशन के बैनर तले जिले में भी पटवारियों ने लंबित मांगों को लेकर बुधवार को हड़ताल जारी रखी। जिला उपायुक्त कार्यालय परिसर में पटवारियों ने धरना देकर नारेबाजी की और सरकार से समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
प्रदर्शनकारी पटवारियों की मांग है कि पटवार हलकों और गिर्दावर सर्किलों का तर्कसंगत पुनर्गठन किया जाए और पटवारियों को तकनीकी ग्रेड प्रदान किया जाए। इसके अलावा ग्रेड पे 2400 से बढ़ाकर 2800 रुपये करने, गिरदावरों को नायब तहसीलदार पदों पर पदोन्नति देने और जम्मू डिवीजन में 75-25 अल्पसंख्यक कोटे का पालन करने के साथ 2015 से लंबित 20 नायब तहसीलदार पदों की वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप देने की मांग कर रहे हैं।
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष राजिंदर देव ने कहा कि पटवारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने राजस्व विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों मांगों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे पटवारियों में काफी रोष है। उन्होंने कहा कि मजबूरन एसोसिएशन को फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। वहीं, एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष शाम स्वरूप ने बताया कि एसोसिएशन की मांगों पर गौर नही किया जा रहा है। धरना प्रदर्शन कर रहे पटवारियों ने कहा कि उनकी एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करते हुए उनकी कार्य स्थितियों में सुधार किया जाए। उनकी स्ट्राइक का उद्देश्य सरकार को अपनी वचन बद्धताओं को पूरा करने के लिए मजबूर करना है। धरना प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष कामरान बट्ट, तहसील अध्यक्ष हीरानगर, कठुआ, डिंगा अंब, नगरी, परोल और मढ़ीन के पदाधिकारी व सभी पटवारी शामिल हुए।