कठुआ। पुलिस ने लकड़ी तस्करी के बड़े प्रयास को विफल कर एक वाहन को जब्त किया है। वाहन में अनुमति से ज्यादा सिंबल (बॉम्बेक्स सीबा) की लकड़ी के लट्ठे लदे हुए थे जिसे तस्कर पंजाब या किसी अन्य राज्य में लेकर जाने की फिराक में थे। पुलिस ने जब्त वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग की टीम को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार मामला शुक्रवार की दोपहर बाद है। हटली पुलिस चौकी प्रभारी ईशान शर्मा ने एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी की दौरान पुलिस टीम ने वाहन में अनुमति से ज्यादा लकड़ी के लट्ठे पाए गे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब्त किया गया वाहन सुंदरबनी रेंज से आया था जिसे केवल 116 लकड़ी के लट्ठे परिवहन की अनुमति थी। लेकिन वाहन में कुल 143 लट्ठे और 23 क्विंटल जलाऊ लकड़ी भी लदी हुई थी। वन विभाग की ओर से मिली अनुमति के मुताबिक वाहन को हटली मोड़ स्थित एक प्लाई फैक्ट्री खाली किया जाना था लेकिन पुलिस ने जब प्लाई फैक्ट्री मालिक से संपर्क साधा तो पाया कि यह कंसाइनमेंट उसका नहीं है। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर वाहन को कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग की टीम के हवाले कर दिया। वन विभाग के रेंज अधिकारी नितिन खजूरिया ने बताया कि जब्त किए गए वाहन में अनुमति से ज्यादा लकड़ी लदी हुई थी और दूसरा इस लकडी को कहां लेकर जाया जा रहा था यह भी स्पष्ट नहीं था जिसकी जांच की जा रही है।