फिर जलाऊ लकड़ियों का सहारा लेने की तैयारी, विभाग ने कहा-आपात सेवाओं के तहत की जाएगी आपूर्ति
कई स्कूलों के पास गैस कनेक्शन तो हैं लेकिन ओटीपी कहां आएगा यह पता नहीं
समाधान ढूंढने में जुटा शिक्षा और खाद्य आपूर्ति विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना गैस संकट की वजह से प्रभावित हो रही है। गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बाधित होने से बच्चों के लिए भोजन तैयार करना मुश्किल हो गया है जिससे स्कूलों में व्यवस्था चरमराने लगी है और शिक्षा विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सूत्रों के अनुसार कई स्कूलों के पास गैस कनेक्शन तो मौजूद हैं, लेकिन ओटीपी आधारित वितरण प्रणाली में तकनीकी दिक्कतें आने से सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस कारण स्कूल प्रबंधन अब मजबूरन जलाऊ लकड़ियों का सहारा लेने की तैयारी कर रहा है। मढ़ीन शिक्षा जोन के साथ साथ कठुआ और बरनोटी जोन के कई स्कूलों में भी घरेलू गैस भरने को लेकर शनिवार को शिक्षक और स्टॉफ असमंजस में रहे। जुगाड़ के सहारे स्कूलों में चल रहा काम अब दिक्कत बनने लगा है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग के सहायक निदेशक से बात की है। खाद्य आपूर्ति विभाग ने कहा है कि गैस वितरण को आपात सेवाओं के तहत प्राथमिकता दी जाएगी। अधिकारी समाधान ढूंढने में जुटे हैं ताकि बच्चों के भोजन की व्यवस्था प्रभावित न हो।
कई शिक्षकों ने चिंता जताई है कि यदि समस्या जल्द हल नहीं हुई तो मिड डे मील योजना पर गंभीर असर पड़ेगा और बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना कठिन हो जाएगा। ग्रामीण इलाकों के स्कूलों में पहले से ही संसाधनों की कमी है, ऐसे में गैस संकट ने स्थिति और चुनौतीपूर्ण बना दी है। उधर, मुख्य शिक्षा अधिकारी ने जोनल शिक्षा अधिकारियों को ऐसे स्कूलों की जानकारी उपलब्ध करवाने और उपलब्ध व्यवस्था के तहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।