राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने 108 करोड़ राशि जारी करने की घोषणा
विधायक डॉ. भारत भूषण, जीएमसी प्रशासन ने विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कठुआ को एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटें आवंटित होने पर और 22 पीजी सीटों की स्वीकृति मिलने के बाद कॉलेज को एक और बड़ी सौगात मिली है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने कॉलेज में बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए कुल 108 करोड़ रुपये की राशि जारी करने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज में सीटों की संख्या बढ़ने के बाद आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नए बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत कॉलेज परिसर में नया ओपीडी ब्लॉक, डायग्नोस्टिक ब्लॉक, एमबीबीएस छात्रों के लिए छात्रावास, पीजी छात्रों के लिए अलग छात्रावास, कॉलेज ऑडिटोरियम, विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट विकसित किए जाएंगा। अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं के निर्माण से मेडिकल कॉलेज में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
साथ ही कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों और उपचार के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस सिलसिले में स्थानीय विधायक डॉ. भारत भूषण ने कॉलेज प्रबंधन के साथ मिलकर मेडिकल कॉलेज और सहायक अस्पताल के विभिन्न जगहों का निरीक्षण किया गया, जहां इन सुविधाओं का विस्तार किया जाना है। इसके अलावा डॉ. भूषण ने अस्पताल के इमरजेंसी ब्लॉक और क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी निरीक्षण किया जहां मरीजों, डॉक्टरों और तीमारदारों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इस मौके पर जीएमसी के प्रधानाचार्य डॉ. सुरिंदर अत्री, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नीरज नागपाल और मेडिकल कॉलेज के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-
इन परियोजनाओं के पूरा होने से मेडिकल कॉलेज में न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा बल्कि इससे स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही नए शैक्षणिक ढांचे से मेडिकल शिक्षा को भी मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में अधिक विद्यार्थियों को यहां अध्ययन का अवसर प्राप्त होगा।
-डॉ. भारत भूषण, विधायक