स्टोन क्रॅशर के खिलाफ लामबंद हुए ग्रामीण किया प्रदर्शन संवाद
कठेरा पंचायत के पला मोड़ स्थित स्टोन क्रॅशर के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन
बिना सीटीओ के अवैध माइनिंग का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कठेरा पंचायत के पला मोड़ स्थित स्टोन क्रॅशर के खिलाफ ग्रामीणों ने बुधवार को मोर्चा खोल दिया। लोगों ने स्टोन क्रॅशर पर एक व्यक्ति की निजी भूमि से अवैध खनन कर जमीन मालिक को धमकाने का आरोप लगाया है। गांव की महिलाओं और आसपास की अलग-अलग पंचायतों से आए प्रतिनिधियों ने स्टोन क्रॅशर मालिक और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संबंधित स्टोन क्रॅशर बिना आवश्यक अनुमति और कंसेंट टू ऑपरेट (सीटीओ) के संचालित किया जा रहा है। इस कारण इलाके में प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ आसपास की निजी जमीनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से इस क्रॅशर को बंद करने की मांग कर रहे हैं लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
स्थानीय निवासी किशोर कुमार ने बताया कि मंगलवार को स्टोन क्रॅशर के मालिक ने उसकी निजी भूमि खसरा नंबर 278 में जेसीबी लगाकर अवैध खनन किया। जब जेसीबी चालक को रोकने की कोशिश की तो मौके पर मौजूद तीन-चार लोगों ने उनके साथ धक्कामुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। वहीं पूर्व सरपंच और सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि इस मामले को उपायुक्त सहित संबंधित विभागों और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संज्ञान में भी लाया जा चुका है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गत महीने पहले इस स्टोन क्रॅशर पर दो गुटों में क्रॅशर के मालिकाना हक को लेकर धारदार हथियारों से हमला किया गया था। इसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्टोन क्रॅशर इलाके में गुंडागर्दी कर स्थानीय लोगों को धमकाते हैं ताकि कोई भी उनके खिलाफ आवाज न उठा सके।